27 C
Kolkata
Thursday, May 7, 2026

महंगाई के खिलाफ झामुमो का हल्ला बोल: रांची में आज जिला मुख्यालय पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन

रांची । बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार, 7 मई को पार्टी की रांची जिला एवं महानगर समिति द्वारा जिला मुख्यालय के समक्ष एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

झामुमो ने केंद्र सरकार पर जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए मुख्य रूप से गैस सिलेंडरों के दामों में हुई वृद्धि को मुद्दा बनाया है:
छोटे गैस सिलेंडर: ₹261 की वृद्धि (गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों पर सीधा प्रहार)।
कमर्शियल सिलेंडर: ₹993 की भारी वृद्धि (छोटे व्यवसायियों, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की कमर टूटी)।
पेट्रोलियम पदार्थों की कमी: बाजार में सीएनजी और एलपीजी की उपलब्धता में कमी और बढ़ती कीमतों पर चिंता।

झामुमो के रांची जिला संयोजक मुस्ताक आलम ने कहा कि छोटे और कमर्शियल सिलेंडरों के दाम बढ़ाकर केंद्र सरकार ने मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा, “यह समय गरीबों की थाली से रोटी छीनने वाली सरकार के खिलाफ एकजुट होने का है।”

पार्टी के अनुसार, सुबह 11:30 बजे से कचहरी रोड स्थित सुभाष चंद्र बोस पार्क में धरना शुरू होगा। इस कार्यक्रम में झामुमो के सभी केंद्रीय पदाधिकारी और सदस्य। जिला और महानगर संयोजक मंडली के सदस्य। सभी प्रखंड और वार्ड समितियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार पर्याप्त भंडार का दावा करती है, लेकिन जनता को किल्लत और महंगाई झेलनी पड़ रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज लोग फिर से कोयले का उपयोग करने पर मजबूर हो रहे हैं। यह राज्यव्यापी धरना केवल शुरुआत है; महंगाई के खिलाफ पार्टी का सड़क पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख