किशनगंज। सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद ने लोकसभा क्षेत्र की लंबित रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने किशनगंज शहर में दो रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण, गलगलिया रेलवे स्टेशन के विकास, किशनगंज और ठाकुरगंज रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों में तेजी लाने की मांग की।
सांसद ने कहा कि किशनगंज पूर्वोत्तर भारत का प्रवेश द्वार है और नेपाल व पश्चिम बंगाल की सीमा से जुड़े इस क्षेत्र में मजबूत रेल अवसंरचना यात्रियों की सुविधा, क्षेत्रीय विकास और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
ज्ञापन में रेलवे समपार फाटक संख्या एसके-313 और एसके-314 पर प्रतिदिन लगने वाले जाम का उल्लेख करते हुए दोनों स्थानों पर जल्द रेल ओवर ब्रिज बनाने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक जाम रहने से विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके लिए रेलवे और बिहार सरकार के बीच समन्वय स्थापित कर परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया गया।
सांसद ने सीमावर्ती गलगलिया रेलवे स्टेशन के विकास पर भी जोर देते हुए ट्रेन संख्या 15723/15724 और 75705/75706 का वहां ठहराव सुनिश्चित करने, लिंकिंग यार्ड के निर्माण तथा स्टेशन के आधुनिकीकरण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सीमा से सटे होने के कारण इस स्टेशन का व्यावसायिक और सामरिक महत्व काफी अधिक है।
इसके अलावा उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किशनगंज और ठाकुरगंज रेलवे स्टेशनों पर चल रहे कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने, दोनों स्टेशनों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाकर उन्हें आरपीएफ नियंत्रण कक्ष से जोड़ने तथा स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति और लागत संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की।
