31.1 C
Kolkata
Friday, June 26, 2026

जियोफाइबर और जियोएयरफाइबर से ब्रॉडबैंड बाजार में जियो की बढ़त, 5जी एफडब्ल्यूए में 78% से ज्यादा हिस्सेदारी

नई दिल्ली। रिलायंस जियो ने जियोफाइबर और जियोएयरफाइबर सेवाओं के दम पर ब्रॉडबैंड बाजार में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की मई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, फिक्स्ड वायर्ड ब्रॉडबैंड और 5जी फिक्स्ड वायरलेस ब्रॉडबैंड (एफडब्ल्यूए) दोनों श्रेणियों में जियो अग्रणी बना हुआ है।

5जी एफडब्ल्यूए में जियो की मजबूत पकड़

ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक मई 2026 के अंत तक जियोएयरफाइबर के ग्राहकों की संख्या करीब 89.68 लाख पहुंच गई। मई महीने में कंपनी ने केवल एफडब्ल्यूए श्रेणी में करीब चार लाख नए ग्राहक जोड़े, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी एयरटेल की बढ़ोतरी लगभग 10 हजार ग्राहकों तक सीमित रही। कुल 5जी एफडब्ल्यूए बाजार में जियो की हिस्सेदारी लगभग 78.4 प्रतिशत दर्ज की गई।

5जी फिक्स्ड वायरलेस ब्रॉडबैंड उन ग्राहकों के लिए उपयोगी है, जिन्हें बिना पारंपरिक वायरिंग के हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्शन की आवश्यकता होती है। इसका उपयोग घरों के अलावा कार्यालयों, दुकानों, स्कूलों और छोटे कारोबारों में भी किया जा रहा है।

वायर्ड ब्रॉडबैंड में भी जियो पहले स्थान पर

फिक्स्ड वायर्ड ब्रॉडबैंड श्रेणी में भी जियोफाइबर की बढ़त कायम है। मई 2026 के अंत तक जियो के 1.44 करोड़ ग्राहक थे, जबकि एयरटेल के 1.09 करोड़ ग्राहक दर्ज किए गए। यह श्रेणी उन उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है, जो स्थिर और तेज इंटरनेट सेवा चाहते हैं।

ब्रॉडबैंड और एक्टिव यूजर्स में भी बढ़त

ट्राई के अनुसार, मई 2026 के अंत तक देश में कुल ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 108.01 करोड़ पहुंच गई। इनमें जियो 52.96 करोड़ ग्राहकों के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि एयरटेल 37.61 करोड़ ग्राहकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। मई में एयरटेल ने करीब 29.2 लाख और जियो ने 21.5 लाख नए ब्रॉडबैंड ग्राहक जोड़े।

मोबाइल सेवाओं में भी जियो की स्थिति मजबूत बनी हुई है। मई 2026 में कंपनी का एक्टिव यूजर शेयर 44.2 प्रतिशत रहा, जो यह दर्शाता है कि नेटवर्क पर सक्रिय उपयोगकर्ताओं के मामले में भी जियो सबसे आगे है।

Related Articles

नवीनतम लेख