रांची। विधानसभा घेराव के लिए निकले हजारों छात्र सोमवार को कई बैरिकेडिंग पार करते हुए विधानसभा गेट नंबर-1 के करीब पहुंच गए। छात्रों के पहुंचने के बाद विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मुख्य सचिव के निर्देश पर विधानसभा के सभी कार्यालयों के गेट बंद कर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।
छात्रों के बढ़ते दबाव के बीच पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। रांची के एसएसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। सीआईडी अधिकारी मनोज कौशिक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की ओर से छात्रों से शांतिपूर्वक आंदोलन करने और उग्र नहीं होने की अपील की जाती रही।
छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। प्रदर्शनकारी 14वीं जेपीएससी परीक्षा की जांच सीबीआई से कराने समेत अन्य मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करने पहुंचे हैं। सरकार की ओर से सीबीआई जांच की मांग स्वीकार किए जाने के बावजूद छात्र आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हैं।
विधानसभा के मानसून सत्र की सोमवार की कार्यवाही स्थगित हो चुकी थी। इसके बावजूद छात्रों का समूह विधानसभा के गेट नंबर-1 तक पहुंच गया। इस दौरान पूरे झारखंड से पहुंचे छात्र तिरंगा लहराते हुए प्रदर्शन करते नजर आए।
प्रशासन की ओर से लगातार छात्रों से आंदोलन समाप्त करने और शांतिपूर्ण तरीके से वापस लौटने की अपील की जा रही थी। वहीं, छात्रों के विधानसभा के करीब पहुंचने के बाद पुलिस प्रशासन की चुनौती बढ़ गई।
