32.4 C
Kolkata
Monday, August 10, 2026

एंबुलेंस से विधानसभा घेराव में पहुंचे देवेंद्रनाथ महतो

रांची। जेपीएससी, जेएसएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ छात्रों का सत्याग्रह आंदोलन सोमवार को 17वें दिन और भूख हड़ताल नौवें दिन में प्रवेश कर गया। इसी बीच छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो जयपाल सिंह स्टेडियम से एंबुलेंस के जरिए विधानसभा घेराव मार्च में शामिल होने पहुंचे।

एंबुलेंस से उतरते ही समर्थकों और छात्र अभ्यर्थियों ने देवेंद्रनाथ महतो को कंधे पर उठा लिया और मार्च में आगे लेकर बढ़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि जब तक सरकार छात्रों की मांगों को पूरी तरह लागू नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा घेराव में झारखंड के अलावा राज्य के बाहर रहने वाले लोग भी शामिल होने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के संघर्ष के इतिहास में महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में याद किया जाएगा।

महतो ने आरोप लगाया कि छात्र पिछले 17 दिनों से जयपाल सिंह स्टेडियम में शांतिपूर्ण तरीके से सत्याग्रह कर रहे हैं और सरकार से उनकी मांगों पर विचार करने की अपील कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनसे बातचीत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा से भरे होते हैं, इसके बावजूद आंदोलन के दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ अश्लील या आपत्तिजनक नारे नहीं लगाए। इसके बाद भी सरकार का रवैया ऐसा है, जैसे छात्र उसके दुश्मन हों। उन्होंने इसे गलत और निंदनीय बताया।

विधानसभा के आसपास बैरिकेडिंग और नुकीले कंटीले तार लगाए जाने पर भी महतो ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा तक आने वाली सड़कों पर जिस तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई है, उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे सीमा क्षेत्र बना दिया गया हो। उन्होंने कहा कि बैरिकेडिंग और कंटीले तार छात्रों को उनकी मंजिल तक पहुंचने से नहीं रोक सकते।

महतो ने कहा कि विधानसभा घेराव और सरकार की कार्रवाई को पूरा देश देख रहा है। उन्होंने दोहराया कि छात्रों की मांगें पूरी होने तक सत्याग्रह और आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख