32.1 C
Kolkata
Thursday, June 18, 2026

झारखंड राज्यसभा चुनाव: दूसरी सीट पर बढ़ी सियासी सरगर्मी, एनडीए ने दिखाई एकजुटता

रांची। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को होने वाले चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव मैदान में झामुमो के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। पहली सीट पर बैद्यनाथ राम की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, जबकि दूसरी सीट को लेकर राजनीतिक मुकाबला दिलचस्प हो गया है।

परिमल नाथवानी को एनडीए का समर्थन, रणनीति पर फोकस

निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को एनडीए का खुला समर्थन मिला है। भाजपा ने मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी और भानु प्रताप शाही को पोलिंग एजेंट नियुक्त किया है। राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए विधायक रांची के एक होटल में जुटे, जहां उन्हें मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई और मॉक पोल भी कराया गया।

भाजपा द्वारा जारी तस्वीर में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत एनडीए के सभी 24 विधायक एकजुट नजर आए। पार्टी का दावा है कि परिमल नाथवानी की जीत सुनिश्चित है। हालांकि, जीत के लिए जरूरी अतिरिक्त समर्थन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं।

महागठबंधन को एकजुट रखने की चुनौती

सत्तारूढ़ महागठबंधन के पास कुल 56 विधायकों का समर्थन है, जिसमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के 4 और माले के 2 विधायक शामिल हैं। ऐसे में झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के लिए चुनौती यह है कि महागठबंधन के सभी वोट उनके पक्ष में एकजुट रहें।

कांग्रेस ने दावा किया है कि दोनों राज्यसभा सीटें महागठबंधन के खाते में जाएंगी। पार्टी नेताओं ने एनडीए विधायकों के होटल में ठहरने को लेकर सवाल भी उठाए हैं। इधर भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि महागठबंधन के विधायक भी होटल में मौजूद हैं।

18 जून को मतदान और मतगणना के साथ राज्यसभा चुनाव के इस सियासी मुकाबले पर से पर्दा उठ जाएगा और यह स्पष्ट हो जाएगा कि दूसरी सीट पर किस उम्मीदवार को सफलता मिलती है।

Related Articles

नवीनतम लेख