रांची । झारखंड के दिव्यांग खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का मान बढ़ाया है। गुरुवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से ‘झारखंड बधिर क्रिकेट संघ’ के खिलाड़ियों ने रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने टीम की ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नेपाल में लहराया जीत का परचम
बधिर क्रिकेट संघ के अध्यक्ष दीपक यादव के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने राज्यपाल को अपनी उपलब्धियों से अवगत कराया। टीम ने हाल ही में आयोजित ‘तृतीय टी-20 नेपाल डीफ क्रिकेट टूर सीरीज ऑफ इंडिया 2026’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया है। अध्यक्ष ने बताया कि टीम ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है।
“चुनौतियां सफलता में बाधा नहीं” – राज्यपाल
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राज्यपाल ने कहा प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों की यह जीत समाज के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। इन्होंने साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति के आगे कोई भी चुनौती टिक नहीं सकती। खेल केवल मुकाबला नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का प्रतीक है। झारखंड के युवाओं में खेलों के प्रति अपार प्रतिभा है, जिसे सही अवसर और प्रोत्साहन मिलना आवश्यक है।
राज्यपाल ने संघ को आश्वासन दिया कि वे खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे और झारखंड बधिर क्रिकेट संघ को यथासंभव सहयोग प्रदान करेंगे।

