31 C
Kolkata
Tuesday, April 28, 2026

मानगो नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ जदयू ने दिया धरना

पूर्वी सिंहभूम। मानगो नगर निगम में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और आम जनता से जुड़ी समस्याओं को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) महानगर इकाई की ओर से गुरुवार को धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। मौके पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी पहुंचे और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जदयू के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव कर रहे थे। उन्होंने मानगो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्डों में जन समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन सरकार और नगर निगम प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है और इसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
जिला अध्यक्ष ने इन समस्याओं के लिए सीधे तौर पर राज्‍य की सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि जदयू के विपक्ष में होने के कारण सरकार के इशारे पर मानगो नगर निगम में जानबूझकर जन सुविधाओं पर रोक लगाई जा रही है, ताकि जनता को परेशान किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक और जनविरोधी रवैया है।
धरना के दौरान जदयू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मानगो नगर निगम की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। श्रीवास्तव ने कहा कि जरूरत पड़ी तो पार्टी नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी भी करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हेमंत सोरेन सरकार की होगी।

Related Articles

नवीनतम लेख