32 C
Kolkata
Friday, May 8, 2026

तेहरान से होर्मुज तक दहला ईरान: अमेरिकी हवाई हमलों से बढ़ा तनाव, ट्रंप ने बताया ‘प्यार भरा थप्पड़’

तेहरान/वाशिंगटन । एक तरफ जहां अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की खबरें आ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ युद्ध के मैदान में तनाव चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी वायुसेना ने दक्षिणी ईरान के बंदर खमीर, सिरिक और केशम द्वीप के नागरिक इलाकों समेत कई सैन्य ठिकानों पर भीषण हवाई हमले किए हैं। इस बीच ईरान ने भी दावा किया है कि उसने अमेरिकी सेना को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, यह कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई है। अमेरिका का आरोप है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में उसके नौसैनिक बेड़े पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने की कोशिश की थी।

ट्रंप का तीखा बयान: “पंगा लिया तो उड़ा दिया”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सैन्य कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे “प्यार भरा थप्पड़” करार दिया है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “ईरान ने हमसे पंगा लिया और हमने उन्हें उड़ा दिया।” हालांकि, ट्रंप ने यह भी दावा किया कि युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत बहुत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और जल्द ही समझौता हो सकता है।

होर्मुज जलडमरूमध्य बंद, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल
शिपिंग इंटेलिजेंस फर्म ‘लॉयड्स लिस्ट’ के मुताबिक, इस ताजा तनाव के बाद सामरिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया गया है। ईरान अब यहां से गुजरने वाले जहाजों को नियंत्रित करने के लिए नई एजेंसी के जरिए मंजूरी देने की कोशिश कर रहा है। युद्ध की आहट और समुद्री मार्ग बंद होने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार बनी हुई हैं।

ईरान का सख्त रुख: “दबाव के आगे नहीं झुकेंगे”
हवाई हमलों के बाद ईरान की राजधानी तेहरान और बंदर अब्बास जैसे शहरों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं और एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय करना पड़ा। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने अमेरिका को दो टूक जवाब देते हुए कहा कि उनका देश किसी भी विदेशी दबाव के सामने घुटने नहीं टेकेगा और हर स्थिति का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

अमेरिका ने चेतावनी दी है कि यदि ईरान जल्द ही समझौते की शर्तों पर राजी नहीं हुआ, तो उसे और भी अधिक कठोर सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

Related Articles

नवीनतम लेख