कटिहार । जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत उदामा रेखा वार्ड संख्या-11 में गुरुवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की जान चली गई। अपने घर के बाहर खेल रही श्रेया कुमारी को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप वाहन ने कुचल दिया। इस घटना के बाद से मृतक बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
खेलते समय हुआ हादसा
स्थानीय लोगों ने बताया कि नवीन कुमार सिंह की डेढ़ वर्षीय पुत्री श्रेया कुमारी अपने घर के सामने दरवाजे पर खेल रही थी। इसी बीच गांव की सड़क से गुजर रहे एक पिकअप वाहन के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम गंभीर रूप से जख्मी हो गई। ग्रामीणों और परिजनों द्वारा शोर मचाने पर चालक कुछ दूर जाकर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
इलाज के लिए ले जाने के दौरान तोड़ा दम
परिजनों ने आनन-फानन में खून से लथपथ बच्ची को उठाकर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। पिता नवीन कुमार सिंह ने बताया कि श्रेया उनकी इकलौती संतान थी। बुझते हुए घर के चिराग को देख मां और अन्य परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। मुफस्सिल थाना अध्यक्ष संतोष कुमार निराला ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

