मस्कट। एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर महिला और पुरुष टीमों का शानदार प्रदर्शन जारी है। एलीट पूल के मुकाबलों में भारतीय महिला टीम ने कजाकिस्तान को 10-0 से हराया, जबकि पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 8-3 से मात देकर जीत का सिलसिला बरकरार रखा।
महिला टीम ने कजाकिस्तान को 10-0 से हराया
महिला मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। नौशीन नाज ने पहले ही मिनट में लगातार दो गोल कर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई। पहले हाफ तक भारत 2-0 से आगे रहा।
दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामकता और बढ़ा दी और आठ और गोल दागकर कजाकिस्तान को पूरी तरह मुकाबले से बाहर कर दिया। प्लेयर ऑफ द मैच संदीपा कुमारी ने 11वें, 16वें और 18वें मिनट में गोल कर हैट्रिक पूरी की।
नौशीन नाज ने कुल चार गोल किए, जबकि किरण एक्का, नीलम टोपनो और पुष्पा मांझी ने भी एक-एक गोल कर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया।
पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 8-3 से दी मात
पुरुष वर्ग में भारत और बांग्लादेश के बीच पहले हाफ में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारतीय कप्तान और प्लेयर ऑफ द मैच केतन कुशवाहा ने चौथे और आठवें मिनट में गोल किए, जबकि शाहरुख अली ने तीसरे मिनट में गोल कर भारत को बढ़त दिलाई।
बांग्लादेश की ओर से मोहम्मद होसेन और सोहराब सोटोन ने गोल कर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा। दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने पूरी तरह दबदबा कायम किया। केतन कुशवाहा ने दो और गोल कर चार गोल पूरे किए।
इसके अलावा रोमित पाल, प्रहलाद राजभर और राहुल यादव ने भी गोल किए। बांग्लादेश के लिए सोहराब सोटोन ने दूसरा गोल किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
भारतीय महिला टीम अब चीन और उज्बेकिस्तान से भिड़ेगी, जबकि पुरुष टीम 24 जुलाई को ओमान और पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। यह प्रतियोगिता पहले एफआईएच यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है।
