33.2 C
Kolkata
Thursday, June 25, 2026

इबोला के खतरे को देखते हुए एअर सुविधा पोर्टल अनिवार्य, विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए नई व्यवस्था लागू

नई दिल्ली। इबोला प्रभावित देशों से भारत आने वाले यात्रियों की निगरानी और स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने एअर सुविधा पोर्टल को सक्रिय कर दिया है। अब अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को भारत पहुंचने से पहले अनिवार्य रूप से ऑनलाइन स्व-घोषणा प्रपत्र भरना होगा। इससे पहले यह प्रक्रिया कागजी प्रपत्रों के माध्यम से पूरी की जाती थी।

एअर सुविधा 2.0 पोर्टल हुआ शुरू

नई दिल्ली। स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डायल ने स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के सहयोग से एअर सुविधा 2.0 पोर्टल शुरू किया है। इसका उद्देश्य इबोला सहित अन्य संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की समय रहते पहचान करना और भारत के सभी प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाना है।

नई प्रणाली स्वास्थ्य, आव्रजन और निगरानी एजेंसियों के बीच वास्तविक समय में समन्वय स्थापित करेगी, जिससे जोखिम वाले यात्रियों की शीघ्र पहचान संभव हो सकेगी।

यात्रा से पहले भरना होगा स्व-घोषणा प्रपत्र

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए एअर सुविधा पोर्टल पर स्व-घोषणा प्रपत्र भरना अनिवार्य कर दिया गया है। यह प्रपत्र यात्रा से 24 घंटे पहले तक ऑनलाइन भरा जा सकता है।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वेब चेक-इन या विमान में सवार होने से पहले ही यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भारत पहुंचने के बाद स्वास्थ्य जांच, सुरक्षा जांच और आव्रजन प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।

प्रपत्र की प्रति साथ रखना जरूरी

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि प्रपत्र जमा करने के बाद उसकी डाउनलोड की गई प्रति अपने पास सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। आवश्यकता पड़ने पर इसे अंतरराष्ट्रीय यात्रा स्वास्थ्य डेस्क या आव्रजन काउंटर पर प्रस्तुत करना होगा।

सही जानकारी देने की अपील

स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे स्व-घोषणा प्रपत्र में सही, स्पष्ट और पूरी जानकारी दर्ज करें। इससे सार्वजनिक स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ यात्रा प्रक्रिया को भी सुगम बनाया जा सकेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख