नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मृतकों के परिजनों को 2 लाख, घायलों को 50 हजार रुपये
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि कोलकाता में बुधवार को हुई दुर्घटना बेहद दुखद है।
उन्होंने घोषणा की कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
निर्माणाधीन चाय गोदाम की छत गिरने से हुआ हादसा
कोलकाता के तारातला इलाके में ब्रेस ब्रिज के पास स्थित एक निर्माणाधीन तीन मंजिला चाय गोदाम में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। तीसरी मंजिल की छत की ढलाई के दौरान अचानक पूरा ढांचा भरभराकर गिर पड़ा।
हादसे के समय कई मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे, जो मलबे के नीचे दब गए। राहत और बचाव कार्य के दौरान अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
प्रशासन और बचाव दल मलबा हटाने तथा प्रभावित लोगों की सहायता में जुटे हुए हैं।
