कोडरमा । अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान में कोडरमा पुलिस को सफलता मिली है। गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि स्कार्पियों वाहन में अवैध शराब लोड कर सतगावां की ओर से बिहार ले जाया जा रहा है। उक्त सूचना का सत्यापन एवं त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से थाना प्रभारी, सतगावां के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
सतगावां थाना अंतर्गत नासरगंज चौक के पास सघन वाहन चेकिंग लगाया गया। इसी बीच एक सफेद रंग का स्कार्पियो वाहन ( बीआर01 एचआर 9698) काफी तेजी में आयी, जिसे पुलिस टीम द्वारा रूकने का ईशारा करने पर वाहन चालक वाहन को दायें बायें कर भगाने का प्रयास किया, किंतु पुलिस बलों की मुस्तैदी एवं स्लाईडर से मार्ग अवरूद्ध कर उसे पकडा गया।
वाहन की तलाशी के दौरान उसमें भारी मात्रा में अवैध बीयर एवं विदेशी शराब बरामद की गयी। इस संबंध में वाहन चालक सानिध प्रभाकर, पिता रामनरेश प्रसाद साकिन ईलाहीबाग थाना गोपालपुर, जिला पटना की ओर से न तो कोई संतोषजनक जबाब दिया गया और न ही कोई कागजात प्रस्तुत किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने स्कार्पियो वाहन एवं बरामद बीयर, शराब को विधिवत जब्त किया।
साथ ही चालक को गिरफ्तार किया ।
इस संबंध में सतगावां थाना कांड सं 43/26 दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने मंगलवार काे कहा कि जिले में अवैध शराब के कारोबार, तस्करी एवं असामाजिक गतिविधियों के विरूद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम में सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार, दाउद पावरिया और सशस्त्र बल शामिल थे।
