पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित सेल परिसर में मंगलवार को स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर सशक्त संयुक्त मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। मां सरला कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ आयोजित इस आंदोलन में ठेका मजदूरों और बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक शामिल हुए। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने नारेबाजी करते हुए कंपनी पर स्थानीय बेरोजगारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गुवा और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में स्थानीय युवक रोजगार की तलाश में हैं, लेकिन इसके बावजूद कंपनी बाहरी लोगों का मेडिकल और ट्रेनिंग कराकर उन्हें काम पर रखने की तैयारी कर रही है। मोर्चा के नेताओं ने इसे स्थानीय युवाओं के अधिकारों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों को रोजगार से वंचित किया जा रहा है।
सशक्त संयुक्त मोर्चा ने आरोप लगाया कि मां सरला कंस्ट्रक्शन कंपनी स्थानीय नीति का पालन नहीं कर रही है और नियुक्ति प्रक्रिया में बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। आंदोलन के दौरान कंपनी के स्टाफ रूद्रो प्रधान को लेकर भी सवाल उठाए गए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक हो चुकी है, फिर भी उन्हें नौकरी में बनाए रखा गया है। मोर्चा ने इस पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों को दरकिनार कर बाहरी लोगों को मेडिकल और प्रशिक्षण देना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में झारखंड मजदूर यूनियन के महासचिव हेमराज सोनार, अध्यक्ष लालमोहन महतो, भारतीय मजदूर संघ के महासचिव मुकेश लाल, समीर पाठक, सीटू के महेश गोप, क्रांतिकारी इस्पात मजदूर संघ के राकेश सुंडी, बेरोजगार संघ के उदय सिंह, कैलाश दास सहित बड़ी संख्या में ठेका मजदूर और स्थानीय बेरोजगार युवक मौजूद थे।
