मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। दुबई से लौटे एक युवक ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार ‘पहसूल’ से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपित की तलाश तेज कर दी है।
छह माह की बेटी के सामने की वारदात
घटना राजेपुर थाना क्षेत्र के राजपुर नवादा गांव की है। मृतका की पहचान राजेंद्र भगत की पुत्री पिंकी कुमारी के रूप में हुई है, जो अपने मायके में छह माह की बेटी के साथ रह रही थी। सोमवार सुबह उसका पति मनोज भगत कमरे में पहुंचा और सब्जी काटने वाले धारदार हथियार ‘पहसूल’ से उसका गला रेत दिया। घटना के समय कमरे में पिंकी और उसकी मासूम बेटी ही मौजूद थीं।
जानकारी के अनुसार, मनोज भगत बरूराज थाना क्षेत्र के हरनाही गांव का निवासी है और दुबई में काम करता था। वह रविवार शाम ही विदेश से भारत लौटा था और सीधे पत्नी से मिलने ससुराल पहुंचा था।
शादी के बाद से प्रताड़ना का आरोप
मृतका के परिजनों ने बताया कि वर्ष 2022 में दोनों की शादी सामाजिक रीति-रिवाज से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा पिता के पैतृक घर में रहता है, जबकि छह माह की बेटी मां के साथ ननिहाल में थी।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही मनोज और उसके परिवार के लोग पिंकी के छोटे कद को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। इस विवाद को लेकर करीब दो वर्ष पहले पंचायत भी हुई थी। इसके बावजूद मनोज के मन में नाराजगी बनी रही और विदेश से लौटते ही उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने शुरू की छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से आरोपित का जूता भी बरामद किया गया है, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। परिजनों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
