नवादा। नवादा शहर के न्यू एरिया स्थित काली मंदिर के समीप किराये के मकान में सोमवार को 22 वर्षीय विवाहिता का शव पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
किराये के कमरे में मिला शव
मृतका की पहचान रोह थाना क्षेत्र के चहल गांव निवासी कैलू सिंह की पत्नी काजल कुमारी के रूप में हुई है। काजल का मायका नरहट थाना क्षेत्र के राजा बिगहा गांव में बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया।
मोबाइल जब्त, सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मृतका के ससुर पारस सिंह ने बताया कि उनकी पुत्रवधू नवादा में किराये के कमरे में अकेले रहती थी, जबकि उनका पुत्र कैलू सिंह दिल्ली में रहकर रोजगार करता है। उन्होंने कहा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
