मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के बीच भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने मुंबई समेत सात जिलों के लिए 8 जुलाई तक रेड अलर्ट जारी किया है। भारी वर्षा के कारण मुंबई महानगर क्षेत्र सहित कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, जबकि पुणे के मावल समेत कई क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
मुंबई सहित सात जिलों में रेड अलर्ट
मुंबई मौसम विभाग के अनुसार मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर, पुणे, सतारा और नासिक जिलों में 8 जुलाई तक अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा कोंकण क्षेत्र के रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पुणे घाट क्षेत्रों में भी भारी वर्षा का अनुमान है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की चेतावनी को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
सरकारी दफ्तरों में आधे दिन की छुट्टी, स्कूल-कॉलेज बंद
बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सरकारी और अर्द्धसरकारी कर्मचारियों के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित की है। साथ ही सभी सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। मुंबई विश्वविद्यालय ने भी 6 जुलाई को प्रस्तावित सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।
15 हजार कर्मचारी तैनात, हेल्पलाइन जारी
मुंबई में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए करीब 15 हजार नगर निगम कर्मियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों को तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है। आपात स्थिति में नागरिकों को 24 घंटे संचालित हेल्पलाइन 1916 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
रेल सेवा प्रभावित, मरम्मत कार्य जारी
भारी बारिश का असर परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा है। सेंट्रल रेलवे के विक्रोली और कांजुरमार्ग स्टेशनों के बीच ओवरहेड वायर पर प्लास्टिक फंस जाने से रेल यातायात बाधित हो गया। रेलवे की तकनीकी टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी है। वहीं, कई प्रमुख सड़कों, पुलों और राजमार्गों पर जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ है।
