नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में बदलाव किया है। तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्षित राणा और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह क्रमशः प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया गया है।
हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हुए दोनों खिलाड़ी
बीसीसीआई के अनुसार, इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टी-20 मैच के दौरान हर्षित राणा की दाहिनी हैमस्ट्रिंग में चोट लगी। जांच में उन्हें ग्रेड-1 हैमस्ट्रिंग चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया। वह आगे के इलाज और पुनर्वास के लिए बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र में रिपोर्ट करेंगे।
वहीं, तीसरे टी-20 मुकाबले के दौरान ही वरुण चक्रवर्ती की बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी। एमआरआई जांच में उन्हें ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग चोट पाई गई। मेडिकल टीम की सलाह पर उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है। वह भी आगे के उपचार के लिए बीसीसीआई के उत्कृष्टता केंद्र में रहेंगे।
प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई को मिला मौका
पुरुष चयन समिति ने हर्षित राणा की जगह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे टीम में प्रिंस यादव को शामिल किया है। वहीं, जिम्बाब्वे दौरे के लिए टी-20 टीम में वरुण चक्रवर्ती के स्थान पर रवि बिश्नोई को मौका दिया गया है।
भारत को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 14 जुलाई से खेलनी है। इसके बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर जाएगी, जहां तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई को हरारे में खेला जाएगा।
