पूर्वी सिंहभूम। उलीडीह थाना क्षेत्र के टीचर कॉलोनी, डिमना रोड स्थित राजस्थान भवन के पास चोरों ने लगातार दो रातों तक 10 दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान की चोरी कर ली। शुक्रवार और शनिवार की रात हुई इस सिलसिलेवार वारदात से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
आठ दुकानों के ताले तोड़कर की चोरी
शनिवार देर रात चोरों ने अकेले आठ दुकानों के ताले और शटर तोड़कर चोरी की। श्याम जनरल स्टोर, विष्णु भंडार, मां वैभव वैष्णो मेडिकल, मनोज केजरीवाल हार्डवेयर, रामाज्ञा आटा चक्की, राधा कृष्ण ट्रेलर और शुभम स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया। चोर गल्ले में रखी नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। कुछ दुकानों में सेंट्रल लॉक नहीं खुलने के कारण चोरी की कोशिश नाकाम रही, लेकिन ताले टूटे मिले।
व्यापारियों में नाराजगी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
स्थानीय व्यवसायी सर्वजीत तिवारी ने बताया कि दो दिनों में कुल 10 दुकानों में चोरी हुई है। शनिवार रात आठ दुकानों में हुई वारदात में लाखों रुपये की नकदी और सामान चोरी हो गया। व्यापारियों ने कहा कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से बाजार में डर का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे चोरी कांड का खुलासा कर गिरफ्तारी की जाएगी।
