32.9 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

लंबे इंतजार के बाद बड़े पर्दे पर लौटेंगे गोविंदा, नई फिल्म ‘रूपा’ का ऐलान

मुंबई। बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर-1’ गोविंदा लंबे अंतराल के बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। अभिनेता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी नई फिल्म ‘रूपा’ की आधिकारिक घोषणा की। इस अवसर पर फिल्म का पहला पोस्टर भी जारी किया गया। फिल्म में गोविंदा के साथ नवोदित अभिनेत्री रानी स्वर्णकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।

गोविंदा आखिरी बार वर्ष 2019 में रिलीज हुई फिल्म ‘रंगीला राजा’ में दिखाई दिए थे। अब वह ‘रूपा’ के जरिए एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।

अभिनेता के साथ निर्माता की भी निभाएंगे भूमिका

गोविंदा इस फिल्म में मुख्य अभिनेता होने के साथ-साथ निर्माता की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘रूपा’ खास तौर पर युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। उनके अनुसार, यह फिल्म युवाओं को अपने सपनों पर विश्वास करने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी।

उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों में अपनी अलग पहचान बनाएगी।

‘नई शुरुआत पर हमेशा भरोसा किया’

फिल्म की घोषणा के दौरान गोविंदा ने अपने लंबे अंतराल पर भी बात की। उन्होंने कहा, “कई लोगों ने मान लिया था कि अब मैं फिल्मों में वापसी नहीं करूंगा, लेकिन मैंने हमेशा नई शुरुआत पर भरोसा किया। शायद यही मेरी नियति थी कि मुझे बार-बार खुद को साबित करना पड़ा।”

उन्होंने कहा कि अब वह नई ऊर्जा और नए उत्साह के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं।

हालांकि, फिल्म की रिलीज की तारीख और अन्य कलाकारों के नामों का अभी खुलासा नहीं किया गया है। गोविंदा की वापसी की घोषणा के बाद उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख