रांची। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने भगवान जगन्नाथ से राज्य में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
सुख-समृद्धि की कामना की
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। उन्होंने महाप्रभु जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा से सभी पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा सेवा, समरसता, आस्था और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। यह पर्व सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
कल्पना सोरेन ने भी दी बधाई
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से राज्य के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
