32.5 C
Kolkata
Thursday, July 16, 2026

झारखंड में 17-18 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में येलो चेतावनी

रांची। झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 17 और 18 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 20 जुलाई तक गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को खूंटी और गुमला जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं 18 जुलाई को लातेहार और चतरा जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने का अनुमान है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

20 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। किसानों, खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और आम नागरिकों को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

मंझरी में सबसे अधिक वर्षा दर्ज

पिछले 24 घंटों में पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझरी में सबसे अधिक 66 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसी अवधि में सर्वाधिक तापमान पाकुड़ में 36.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ गई।

मौसम विभाग के अनुसार, रांची का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 35 डिग्री और न्यूनतम 25.4 डिग्री, डाल्टनगंज में 34.8 और 24.7 डिग्री, बोकारो में 33.1 और 26.1 डिग्री तथा चाईबासा में 34.4 और 25.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है।

Related Articles

नवीनतम लेख