30 C
Kolkata
Wednesday, May 6, 2026

अनियंत्रित पिकअप पलटने के बाद ट्रक ने रौंदा, आर्केस्ट्रा के 4 कलाकारों की दर्दनाक मौत

छपरा (सारण) । बिहार के सारण जिले में बुधवार की अहले सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। भगवान बाजार थाना क्षेत्र के न्यायबस्ती लोहा टोला के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक एक आर्केस्ट्रा टीम के सदस्य बताए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, आर्केस्ट्रा कर्मी एक शादी समारोह में अपना कार्यक्रम खत्म कर डीजे लदी पिकअप से वापस लौट रहे थे। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच, जैसे ही पिकअप डॉक्टर पी.एन. सिंह डिग्री कॉलेज से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ी, चालक ने नियंत्रण खो दिया और पिकअप सड़क पर पलट गई।

हादसे के वक्त पिकअप पर सवार कलाकार सड़क पर बिखर गए, तभी दूसरी दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें बेरहमी से रौंद दिया। इस दोहरे हादसे में चार लोगों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही डायल 112, भगवान बाजार थाना और रिवीलगंज पुलिस की टीमें मौके पर पहुँचीं। घायलों को तुरंत छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फिलहाल मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है ताकि उनके परिजनों को सूचित किया जा सके।

इलाके में शोक की लहर
एक साथ चार जिंदगियों के खत्म होने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की मांग की है।

Related Articles

नवीनतम लेख