मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में गुरुवार तड़के सात फीट लंबा मगरमच्छ रिहायशी इलाके में पहुंच गया। मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने कई घंटे के अभियान के बाद मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे मेजा ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया।
हलिया थाना क्षेत्र के हलिया ग्रामसभा के महादेव मजरे में तड़के करीब चार बजे मगरमच्छ अदवा-बेदऊर नहर से निकलकर राम अकबाल मौर्य के घर के पास पहुंच गया। कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए। टॉर्च की रोशनी में मगरमच्छ को मकान की ओर बढ़ता देख लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे सीढ़ी के नीचे बने अधूरे शौचालय में बंद कर दिया।
कई घंटे चला रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी संतोष राय के निर्देश पर वन्यजीव रक्षक संदीप कुमार, वनरक्षक अंकुर शुक्ला, शिवम सिंह, शीतला बक्स सिंह, अनिरुद्ध श्रीवास्तव और मल्ले खान की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से कई घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर मेजा ददरी बांध के गहरे जलाशय में छोड़ दिया गया।
वन विभाग ने लोगों से की अपील
ग्रामीणों ने बताया कि समय रहते मगरमच्छ पर नजर पड़ गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। वन क्षेत्राधिकारी संतोष राय ने लोगों से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में जंगली जीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
