दक्षिण 24 परगना। पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के बाद भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस पर हमला, आगजनी, सड़क और रेल अवरोध, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा भीड़ द्वारा एक युवक की हत्या के आरोप में 22 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही इस मामले में कुल गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर रातभर छापेमारी कर गुरुवार सुबह तक 22 और आरोपितों को पकड़ा गया। सभी आरोपितों को बारुईपुर महकमा अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।
वीडियो फुटेज के आधार पर हो रही कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि रविवार को नाबालिग का शव मिलने के बाद इलाके में कई चरणों में हिंसा भड़क उठी थी। इस दौरान भीड़ ने संदेह के आधार पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके अलावा कई स्थानों पर सड़क और रेल मार्ग जाम किए गए, आगजनी की गई तथा पुलिसकर्मियों पर भी हमला हुआ।
जांच एजेंसियां सोशल मीडिया मंचों पर वायरल वीडियो और अन्य सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
मुख्यमंत्री ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा
घटना के बाद मुख्यमंत्री ने पीड़िता के पिता से बातचीत कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि हिंसा, तोड़फोड़, पुलिस पर हमले और भीड़ द्वारा हत्या जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, हिंसा और भीड़ द्वारा हत्या की घटना के पीछे संभावित कारणों और कथित उकसावे की भूमिका की भी जांच जारी है।
