रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कई जिलों में गरज-चमक, तेज अंधड़ और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस मानसून सीजन में अब तक राज्य में सामान्य से 17 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
उत्तर और बस्तर संभाग में विशेष सतर्कता की सलाह
मौसम विभाग ने बताया कि बारिश के दौरान कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग और मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका है।
वहीं, दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और जगदलपुर सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
रायपुर में दिनभर बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र, सक्रिय मानसूनी द्रोणिका और विभिन्न स्तरों पर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। इसी वजह से आने वाले दिनों में भी अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
