स्पेन । रियल मैड्रिड के अध्यक्ष पद के चुनाव में फ्लोरेंटिनो पेरेज़ ने एक बार फिर जीत दर्ज करते हुए अगले चार वर्षों के लिए अपनी कुर्सी बरकरार रखी है। रविवार को हुए चुनाव में उन्होंने प्रतिद्वंद्वी एनरिके रिकेल्मे को हराया और लगातार क्लब की कमान संभालने का रास्ता साफ कर लिया।
20 साल बाद हुआ मुकाबला
रियल मैड्रिड में पिछले दो दशकों बाद अध्यक्ष पद के लिए वास्तविक चुनावी मुकाबला देखने को मिला। इससे पहले पेरेज़ 2009, 2013, 2017, 2021 और 2025 में बिना किसी प्रतिद्वंद्वी के निर्वाचित होते रहे थे। क्लब के आधिकारिक टीवी चैनल ने उनकी जीत की पुष्टि की है, हालांकि अंतिम मतगणना का आधिकारिक विवरण अभी जारी नहीं किया गया है।
मोरिन्हो की वापसी की अटकलें तेज
पेरेज़ की जीत के बाद पूर्व मुख्य कोच जोस मोरिन्हो की संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मोरिन्हो 2010 से 2013 तक रियल मैड्रिड के कोच रह चुके हैं। जीत के बाद पेरेज़ ने कहा कि उनका लक्ष्य क्लब को आगे भी अधिक से अधिक खिताब दिलाना और विश्व फुटबॉल में उसकी श्रेष्ठता बनाए रखना है।
सफल रहा पेरेज़ का कार्यकाल
79 वर्षीय फ्लोरेंटिनो पेरेज़ पहली बार वर्ष 2000 में रियल मैड्रिड के अध्यक्ष बने थे। उनके नेतृत्व में क्लब ने सात यूरोपीय कप समेत कई बड़े खिताब जीते और कुल 15 महाद्वीपीय खिताबों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
