31 C
Kolkata
Thursday, May 7, 2026

यमुना में नाव पलटने से महिला और चार बच्चों समेत 5 की मौत

हमीरपुर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। कुरारा थाना क्षेत्र के भौली गांव में शादी की खुशियों के बीच बड़ा हादसा हो गया। बुधवार शाम यमुना नदी में नाव पलटने से एक ही परिवार के रिश्तेदारों में शामिल एक महिला और चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। प्रशासन ने अब तक पांच शव बरामद कर लिए हैं, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, भौली गांव के निवासी राजू निषाद की बेटी की शादी मंगलवार को हुई थी। विदाई की रस्में पूरी होने के बाद, घर आए रिश्तेदार यमुना किनारे लगी खरबूजे की फसल देखने और खाने की जिद करने लगे। गांव का ही विष्णु निषाद नाव से नौ लोगों को लेकर नदी पार गया था। वापस लौटते समय, बीच धारा में खराब मौसम और नाविक की लापरवाही के कारण नाव अनियंत्रित होकर पलट गई।

मृतकों की पहचान
पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के अनुसार, रेस्क्यू ऑपरेशन में निम्नलिखित लोगों के शव बरामद किए गए हैं:
बृजरानी (35 वर्ष) – पत्नी पप्पू निषाद, निवासी मनकीकला।
अर्चना (14 वर्ष) – पुत्री सर्वेश, निवासी घाटमपुर।
रानी (9 वर्ष) – पुत्री बच्चन, निवासी कौतूपुर।
आकांक्षा (9 वर्ष) – पुत्री रामहेत।
लव्यांश (5 वर्ष) – पुत्र पप्पू।
हादसे में तीन लोगों (विष्णु, रिंकू और पारुल) को बचा लिया गया है, जबकि एक अन्य की तलाश में गोताखोर जुटे हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने जताया दुख, आर्थिक सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।

Related Articles

नवीनतम लेख