35.7 C
Kolkata
Thursday, June 4, 2026

ईडी का बड़ा शिकंजा, मिजोरम में नौ ठिकानों पर छापेमारी

नई दिल्ली । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने म्यांमार से भारत में अवैध रूप से लाई जा रही सूखी सुपारी (अरेका नट) की तस्करी से जुड़े संगठित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मिजोरम के सीमावर्ती जिले चंफाई में नौ स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई तस्करी नेटवर्क से जुड़े प्रमुख स्थानीय सहयोगियों के आवासों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर की गई।

ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि तस्कर म्यांमार से तियाउ नदी के रास्ते बड़ी मात्रा में अवैध सुपारी भारत लाते थे। इसके बाद खेप को स्थानीय गोदामों में संग्रहित कर फर्जी ई-वे बिल और जाली दस्तावेजों के माध्यम से उसे वैध रूप से खरीदा गया माल दिखाकर बाजार में खपाया जाता था।

जांच एजेंसी के अनुसार, इस अवैध कारोबार से सैकड़ों करोड़ रुपये की कमाई की गई, जिसे विभिन्न वित्तीय माध्यमों से वैध दिखाने और उसके वास्तविक स्रोत को छिपाने का प्रयास किया गया। ईडी इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपितों ने सीमा क्षेत्र में अपनी जनजातीय पहचान का लाभ उठाते हुए सीमा शुल्क अधिकारियों के समक्ष ‘फ्रंट क्लेमेंट’ के रूप में भूमिका निभाई। वे जब्त की गई तस्करी की खेप को छुड़ाने के लिए पुराने और असंबंधित आयात दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे और माल पर वैध स्वामित्व का दावा करते थे।

ईडी की इस कार्रवाई को भारत-म्यांमार सीमा पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। एजेंसी को उम्मीद है कि छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से तस्करी एवं मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख