28.6 C
Kolkata
Saturday, July 18, 2026

अहमदाबाद में अवैध पटाखा फैक्टरी में भीषण आग, आठ लोगों की मौत

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राल क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक अवैध पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है।

यह हादसा रामोल-गटराड रोड स्थित महमूदपुरा इलाके में टैलेंट पटाखा फैक्टरी में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फैक्टरी इसकी चपेट में आ गई। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बचाव दल ने आठ शवों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घायलों का अस्पताल में उपचार जारी

गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को एल. जी. अस्पताल और चार लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद के महापौर और नगर आयुक्त भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।

लाइसेंस रद्द होने के बाद भी चल रही थी फैक्टरी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्टरी का संचालन मेहुल डोडिया कर रहा था। पुलिस के अनुसार इस पटाखा फैक्टरी का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद यहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था।

संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि फैक्टरी रामोल-गटराड रोड पर आरएएफ शिविर के पीछे खुले मैदान में बने शेड में संचालित की जा रही थी। पुलिस ने संचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, विस्फोटक अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख