28.3 C
Kolkata
Thursday, July 9, 2026

जगन्नाथपुर रथ यात्रा की तैयारियां तेज, उपायुक्त और एसएसपी ने किया निरीक्षण

रांची। ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने मंगलवार को संयुक्त रूप से रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, स्वास्थ्य, विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद नीलाद्रि प्रशासनिक भवन में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा विशेष ध्यान

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रथ यात्रा मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने और अवैध कब्जों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस और चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया।

विद्युत विभाग को निर्देश दिया गया कि कहीं भी खुले बिजली के तार नहीं रहने चाहिए। संपूर्ण विद्युत व्यवस्था की जांच करने के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

नगर निगम को नियमित अंतराल पर साफ-सफाई कराने, पर्याप्त जैव शौचालय उपलब्ध कराने तथा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

पूरे रथ यात्रा मार्ग और मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा नियंत्रण कक्ष से चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी। अग्निशमन वाहन को हर समय तैयार स्थिति में रखने के भी निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र स्थापित किया जाएगा, जबकि समाचार माध्यमों की सुगम कवरेज के लिए वॉच टावर बनाया जाएगा।

जगन्नाथपुर मेला समिति को यात्रा से संबंधित सूचनाओं के प्रसार और जनजागरूकता के लिए आधिकारिक सामाजिक माध्यम खाता बनाने का सुझाव दिया गया। साथ ही सभी स्वयंसेवकों को परिचय-पत्र उपलब्ध कराने और उनका विस्तृत प्रशिक्षण एवं ब्रीफिंग कराने के निर्देश भी दिए गए।

रथ यात्रा को भव्य और सुरक्षित बनाने का लक्ष्य

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा रांची की सांस्कृतिक धरोहर है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि इस वर्ष की रथ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य हो। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से इस आयोजन को यादगार बनाया जाएगा।

वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन सभी स्तरों पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहेगा और किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि जगन्नाथपुर रथ यात्रा 2026 की तैयारियों में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

निरीक्षण और बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, रांची नगर निगम के अपर प्रशासक संजय कुमार, प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी आस्था शरण, नजारत उपसमाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, विद्युत एवं सड़क विभाग के अभियंता, डीएसपी हटिया एवं मुख्यालय, आवासीय दंडाधिकारी हटिया स्मृति कुमारी, संबंधित थाना प्रभारी, अग्निशमन पदाधिकारी तथा जगन्नाथपुर मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख