28.6 C
Kolkata
Wednesday, July 8, 2026

राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार जूट परिधान पहनेंगे भारतीय खिलाड़ी

नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ी पहली बार जूट आधारित परिधानों में नजर आएंगे। इस पहल का उद्देश्य सतत वस्त्रों को बढ़ावा देना, प्राकृतिक रेशों का वैश्विक स्तर पर प्रचार करना और भारतीय जूट उद्योग को नई पहचान दिलाना है।

मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए भारतीय दल की आधिकारिक पोशाक का अनावरण और खिलाड़ियों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया।

जूट आधारित परिधान बनेंगे भारत की नई पहचान

वस्त्र मंत्रालय के अनुसार, किसी अंतरराष्ट्रीय बहु-खेल प्रतियोगिता में पहली बार जूट-विस्कोस मिश्रित परिधानों का उपयोग किया जाएगा। भारतीय दल स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में इन्हीं विशेष परिधानों में हिस्सा लेगा।

मंत्रालय का कहना है कि इस पहल से वैश्विक वस्त्र बाजार में भारत की पहचान मजबूत होगी और जूट विविधीकरण कार्यक्रम को भी नई गति मिलेगी। 23 जुलाई से 2 अगस्त तक होने वाले खेलों में 72 देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे। भारत की ओर से 124 सदस्यीय दल हिस्सा लेगा, जिसमें 78 पुरुष और 46 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।

राष्ट्रीय जूट बोर्ड और निफ्ट ने तैयार की विशेष पोशाक

वस्त्र मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय जूट बोर्ड ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ दृष्टिकोण से प्रेरित होकर 100 प्रतिशत जैव अपघटनीय कपड़ा तैयार कराया है। यह परिधान पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ भारतीय जूट किसानों और पारंपरिक कारीगरों के योगदान को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाएंगे।

इस विशेष कपड़े को विकसित करने के लिए राष्ट्रीय जूट बोर्ड ने कोलकाता की ग्लोस्टर जूट मिल्स के साथ साझेदारी की। इसके बाद राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान ने इसी कपड़े से भारतीय दल के लिए आधुनिक और आरामदायक परिधानों की रूपरेखा तैयार की।

समारोह में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख