28.7 C
Kolkata
Tuesday, July 7, 2026

सोनपुर सहयोग शिविर में उप मुख्यमंत्री ने सुनीं जन-समस्याएं, 39 मामलों का हुआ त्वरित समाधान

सारण। सोनपुर प्रखंड की गोविंद चक पंचायत में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत स्तंभ बन चुका है, जहां पूरा प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है।

39 शिकायतों का मौके पर हुआ निष्पादन

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सात प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सोनपुर के विधायक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर के लिए 30 दिन पहले से आवेदन लिए जा रहे थे। इस बार कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 39 मामलों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया।

10 विशेष काउंटरों पर मिलीं कई सुविधाएं

शिविर में आम लोगों की सुविधा के लिए अंचल, पेंशन, राशन, स्वास्थ्य और बाल विकास सहित 10 विशेष काउंटर लगाए गए थे। यहां लोगों को निःशुल्क टीबी जांच, विभिन्न प्रमाण पत्रों से संबंधित सेवाएं और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

प्रशासन ने बताया कि सहयोग शिविर प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को आयोजित किया जाता है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

नवीनतम लेख