28.7 C
Kolkata
Tuesday, July 7, 2026

जेपीएससी रिजल्ट में कथित धांधली के विरोध में भाजयुमो ने मानव श्रृंखला बनाकर किया प्रदर्शन

रांची । 14वीं जेपीएससी परीक्षा परिणाम में कथित धांधली के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो)के नेतृत्व में रांची स्थित जेपीएससी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में युवाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के माध्यम से युवाओं ने जेपीएससी के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच तथा अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा परिणाम को लेकर जिस प्रकार के गंभीर सवाल उठ रहे हैं,उसने राज्य के लाखों युवाओं का विश्वास डगमगाया है। भारतीय जनता युवा मोर्चा की स्पष्ट मांग है कि वर्तमान में जारी 14वीं जेपीएससी का परिणाम तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की श्रेणीवार कटऑफ अंक सार्वजनिक किए जाएं तथा सभी संवैधानिक एवं वैधानिक प्रक्रियाओं का पूर्ण अनुपालन करते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ पुनः परिणाम जारी किया जाए। यदि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष है तो सरकार और जेपीएससी को इन मांगों को स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए। युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय भारतीय जनता युवा मोर्चा स्वीकार नहीं करेगा और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा रांची महानगर अध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि आज रांची के युवाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि जेपीएससी में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। हमारी प्रमुख मांग है कि जारी किए गए परिणाम को तत्काल निरस्त किया जाए,सभी अभ्यर्थियों के कटऑफ अंक सार्वजनिक किए जाएं तथा संविधान और नियमावली के अनुरूप सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए नया परिणाम घोषित किया जाए। भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा और जब तक योग्य अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलेगा,यह आंदोलन जारी रहेगा।

कार्यक्रम में भाजयुमो झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल चौधरी, प्रिंस कुमार, देवराज सिंह, नीरज कुमार, रणधीर दास, सचिन साहू, धर्मवीर सिंह, तरुण दास, अमन कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता एवं अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख