पूर्वी सिंहभूम। जमशेदपुर के टेल्को स्थित गुलमोहर हाई स्कूल के प्राइमरी सेक्शन परिसर में शनिवार को होराइजन–2025 के तहत विज्ञान और प्रौद्योगिकी आधारित विशेष कार्निवल का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत प्राइमरी सेक्शन के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई। उद्घाटन सत्र का मुख्य आकर्षण ‘टेक ट्रेंडसेटर्स’ नामक रैम्प वॉक रहा, जिसमें बच्चों ने तकनीकी विषयों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर टाटा मोटर्स के संयंत्र प्रमुख सुनील कुमार तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक होते हैं। यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित वर्ष 2025 को अंतरराष्ट्रीय क्वांटम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी वर्ष के रूप में मनाने की भावना के अनुरूप रहा, जो विद्यालय की वैश्विक दृष्टि और आधुनिक शिक्षा पद्धति को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोबोटिक्स पर आधारित उन्नत मॉडल प्रस्तुत किए। दृष्टिबाधित व्यक्तियों के लिए सहायक उपकरण, कचरा पृथक्करण की स्मार्ट प्रणाली तथा जैव अपघटनीय सामग्री से जुड़े नवाचारों को विशेष सराहना मिली। टाटा मोटर्स के प्रतिनिधियों ने इन परियोजनाओं में निहित संभावनाओं की प्रशंसा की। कार्निवल में कुल 25 विद्यालयों के कक्षा एक से आठ तक के सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं के समापन पर दयानंद पब्लिक स्कूल को ओवरऑल विजेता घोषित किया गया, जबकि लोयोला स्कूल, टेल्को प्रथम उपविजेता रहा।
विद्यालय की प्राचार्या प्रीति सिन्हा ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में जिज्ञासा, समस्या समाधान क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का एक सशक्त मंच है। मुख्य अतिथि सुनील कुमार तिवारी ने विद्यालय की इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को बधाई दी।


