33 C
Kolkata
Tuesday, May 12, 2026

बहू पर ससुर की हत्या का आरोप, सीसीटीवी बंद कर वारदात को अंजाम देने का दावा

रांची । राजधानी के पंडरा थाना क्षेत्र स्थित विद्या नगर के ‘भगवान अपार्टमेंट’ में एक बुजुर्ग की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान डॉ. केश्वर प्रसाद गुप्ता के रूप में हुई है। इस मामले में उनके पुत्र सौरभ गुप्ता ने अपनी ही पत्नी निकिता कुमारी के खिलाफ पिता की पीट-पीटकर हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

सीसीटीवी फीड कटते ही गहराया शक
प्राथमिकी के अनुसार, घटना वाले दिन घर में विवाद हुआ था। सौरभ ने बताया कि उन्होंने घर की सुरक्षा और आपसी विवादों को देखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। दोपहर में जब वे अपने दफ्तर में थे, तब उन्होंने मोबाइल पर कैमरे की फीड देखनी चाही, लेकिन अचानक फीड कट गई और उनके पिता दिखाई नहीं दिए। संदेह होने पर जब वे घर पहुंचे, तो उनके पिता बिस्तर पर बेसुध पड़े थे और उनकी मौत हो चुकी थी।

बेटे के गंभीर आरोप
सौरभ गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी का व्यवहार शादी के बाद से ही हिंसक रहा है. आरोप है कि हत्या के बाद निकिता ने सीसीटीवी कैमरे को होल्डर से उखाड़कर जमीन पर पटक दिया ताकि सबूत नष्ट किए जा सकें। सौरभ का दावा है कि निकिता पहले भी अपने सास-ससुर और उनके साथ मारपीट व बदसलूकी कर चुकी थी। उन्होंने पत्नी के भाई से भी उसे ले जाने का आग्रह किया था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।

पंडरा ओपी प्रभारी फैज रब्बानी ने बताया कि आरोपी बहू को हिरासत में ले लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी के क्षतिग्रस्त हार्डवेयर से डेटा रिकवर करने की कोशिश कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।

Related Articles

नवीनतम लेख