29.5 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

फर्नीचर और कबाड़ की आड़ में शराब तस्करी, 45 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद

नालंदा। बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर शराब की खेप पहुंचाने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। नालंदा जिले में उत्पाद विभाग की टीम ने फर्नीचर और कबाड़ की आड़ में की जा रही शराब तस्करी का खुलासा करते हुए 45 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की है। सरमेरा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान टीम ने फर्नीचर लदे पिकअप को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी के दौरान फर्नीचर के अंदर छिपाकर रखी गई शराब की खेप मिलने से अधिकारियों के भी होश उड़ गए। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि शेखपुरा जिले की ओर से शराब की एक बड़ी खेप नालंदा मुख्यालय की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने सरमेरा क्षेत्र में सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान फर्नीचर और कबाड़ से लदे एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई।

बाहर से देखने पर वाहन में स्टोरवेल, ड्रेसिंग टेबल और अन्य कबाड़ का सामान रखा हुआ था। टीम को संदेह होने पर फर्नीचर के सामान को खोलकर बारीकी से तलाशी ली गई। जांच के दौरान फर्नीचर के अंदर शराब की कार्टन छिपाकर रखे जाने का खुलासा हुआ। इसके बाद वाहन से कुल 45 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग ने शराब के साथ पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। मौके से झारखंड के बेरमो निवासी चालक पुरुषोत्तम कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह शराब की खेप लेकर बिहारशरीफ पहुंचाने जा रहा था।

उत्पाद विभाग अब शराब की इस खेप के मुख्य सप्लायर और रिसीवर का पता लगाने में जुट गया है। अधिकारियों को आशंका है कि इसके पीछे शराब तस्करी से जुड़ा बड़ा नेटवर्क हो सकता है। मामले में आगे की जांच और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

कार्रवाई में उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर नीतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मी शामिल रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख