रांची । झारखंड की राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। करमटोली चौक स्थित ‘लीवी बार एंड रेस्टोरेंट’ में सुबह करीब 4:00 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
शॉर्ट सर्किट बना हादसे का कारण
शुरुआती जांच और रेस्टोरेंट मालिक के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। मालिक ने फिलहाल किसी भी तरह की साजिश की आशंका से इनकार किया है। आग इतनी भयावह थी कि किचन, डांस फ्लोर और कीमती फर्नीचर कुछ ही समय में राख के ढेर में बदल गए।
बाल-बाल बचे कर्मचारी
जिस वक्त आग लगी, रेस्टोरेंट के कुछ कर्मचारी अंदर ही सो रहे थे। आग की लपटें और धुआं देख कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन गनीमत रही कि सभी ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
रेस्क्यू ऑपरेशन: गेट तोड़कर अंदर घुसी फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने रेस्टोरेंट का मेन गेट तोड़कर प्रवेश किया और भीतर लगी आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाहर की ओर आग की लपटें पास के ट्रांसफार्मर तक पहुँच रही थीं, जिससे एक बड़ा विस्फोट होने का खतरा पैदा हो गया था, जिसे पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टाल दिया गया। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

