किशनगंज। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को सीमा सुरक्षा बल के क्षेत्रीय मुख्यालय किशनगंज की ओर से भव्य साइकिल रैली निकाली गई। सुबह छह बजे आयोजित रैली में बीएसएफ के 188 जवानों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर जवानों ने शहर के विभिन्न मार्गों से साइकिल चलाते हुए लोगों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
रैली का शुभारंभ बीएसएफ के डीआईजी गणेश कुमार ने किया। इसमें क्षेत्रीय मुख्यालय के साथ 132वीं, 63वीं और 80वीं वाहिनी के कमांडेंट तथा जवान भी शामिल हुए। कमांडेंट प्रशासन रामचंद समेत अन्य अधिकारियों और जवानों ने पूरे उत्साह के साथ रैली में भाग लिया।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली
साइकिल रैली क्षेत्रीय मुख्यालय परिसर से शुरू होकर स्टेडियम, खगड़ा चौक और विशाल मेगा मार्ट होते हुए वापस क्षेत्रीय मुख्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। तिरंगे के साथ सड़कों पर निकले बीएसएफ जवानों को देखकर लोगों में भी उत्साह नजर आया। रैली ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर के माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
रैली के माध्यम से आम लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। बीएसएफ जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
डीआईजी ने प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह
रैली के समापन पर डीआईजी गणेश कुमार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि देश के प्रति सम्मान और नागरिकों में राष्ट्रभावना को मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान को सफल बनाने में योगदान देने की अपील की।
