28.1 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

विशाल तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हर घर तिरंगा को लेकर दिखा उत्साह

बिजनौर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर लोगों में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। गुरुवार को बिजनौर में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, स्कूली छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों और आम नागरिकों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों से शहर के प्रमुख मार्ग और चौराहे देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।

प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा को शानदार बताते हुए कहा कि इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विधायक, प्रशासन, सामाजिक संगठन, छात्र-छात्राएं और स्वयंसेवी संस्थाएं उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। उन्होंने बड़ी संख्या में युवाओं और स्वयंसेवकों की भागीदारी को अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कपिल देव अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वर्ष 2022 में शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि तिरंगा किसी एक वर्ग या संगठन का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से लोगों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत होती है।

तिरंगा यात्रा में एमएलसी अशोक कटारिया, जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान उर्फ बॉबी, हरजिंदर कौर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख