सुपौल। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को जिलेभर में तिरंगा यात्रा, रैली और विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों, एसएसबी जवानों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। अलग-अलग प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
मरौना के प्रखंड संसाधन केंद्र में बच्चों के बीच निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता हुई, जबकि वीरपुर के एलएनएमएस कॉलेज में एनएसएस के तत्वावधान में तिरंगा प्रदर्शन किया गया। पिपरा की तुलापट्टी, सरायगढ़ की झीला डूंगरी पंचायत में तिरंगा रैली निकाली गई।
बसंतपुर के परमानंदपुर पंचायत में मदरसा के बच्चों और ग्रामीणों ने तिरंगा यात्रा निकाली। निर्मली के सीमावर्ती गांव कुनौली में एसएसबी जवानों, मुखिया प्रतिनिधि और विद्यार्थियों ने यात्रा निकाली। कटरा पंचायत के कदमपुरा में मुखिया, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों और स्वच्छता कर्मियों ने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया।
भगवानपुर पंचायत में भी एसएसबी जवानों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशप्रेम का संदेश दिया। जिला प्रशासन के अनुसार, इन आयोजनों का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।
