बलरामपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित पुलिस ग्राउंड में अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन में पूरे समारोह की मिनट-टू-मिनट रिहर्सल हुई। इस दौरान ध्वजारोहण, परेड, मार्च-पास्ट, हर्ष फायर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित समारोह की सभी गतिविधियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोहराया गया।
पूर्वाभ्यास में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के गायन से हुई। इसके बाद विभिन्न सशस्त्र बलों, जिला पुलिस बल और विद्यालयीन दलों ने अनुशासन के साथ आकर्षक मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। शस्त्रधारी जवानों ने तीन चक्र में हर्ष फायर का प्रदर्शन भी किया।
परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन ने परेड कमांडर के रूप में किया, जबकि रक्षित केंद्र की सूबेदार ज्योति साहू परेड टू-आईसी की भूमिका में रहीं। पूर्वाभ्यास में 12वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल रामानुजगंज, 10वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की डी कंपनी, 11वीं वाहिनी की बी कंपनी, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर, राष्ट्रीय सेवा योजना शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय बलरामपुर समेत विभिन्न विद्यालयों के दल शामिल हुए।
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान विद्यार्थियों ने इन प्रस्तुतियों का अभ्यास कर अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश देने की तैयारी की है। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
अंतिम रिहर्सल के दौरान कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, प्रवेश व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने और समारोह के दौरान किसी तरह की कमी नहीं रहने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता, आर.एन. पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी सहित जिला स्तरीय एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
#स्वतंत्रता_दिवस, #तिरंगा_यात्रा, #बलरामपुर
