30.8 C
Kolkata
Monday, June 15, 2026

झारखंड में थमी शीतलहर,लोगों को मिली राहत, तापमान में होगी बढ़ोतरी

रांची। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में शनिवार को शीतलहर का असर नहीं देखा गया। शीतलहर के थमने के साथ ही धूप की तपिश ने लोगों को राहत दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। हालांकि विभाग ने यह भी बताया कि राज्य में अभी उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की ओर ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिसके कारण ठंड में धीरे-धीरे कमी आएगी।
शनिवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और शीतलहर का कोई प्रकोप दर्ज नहीं किया गया। दिन के समय धूप में गर्मी महसूस की गई, जबकि दोपहर बाद हल्की ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिसका असर शाम के समय हल्की कनकनी के रूप में महसूस हुआ। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में, जबकि सबसे कम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया।
शनिवार को रांची में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 7.2 डिग्री, जमशेदपुर में अधिकतम 25.4 और न्यूनतम 9.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 26.2 और न्यूनतम 5.4 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 24.5 और न्यूनतम 7.2 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 27.8 डिग्री और न्यूनतम 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उल्लेखनीय है कि बीते 20 से 25 दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में शीतलहर के कारण भीषण ठंड रही। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सर्दी-जुकाम, दस्त और सांस से जुड़ी बीमारियों की चपेट में आए।

Related Articles

नवीनतम लेख