अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में विपक्ष पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने वाले क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आस्था का दिखावा करने वालों ने ऐसा “पाप” किया, जबकि भाजपा ने अयोध्या को सनातन संस्कृति की राजधानी के रूप में स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा, विकास कार्यों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी के नाम पर रखा जाएगा। वहीं, भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरतनगर भरतकुंड किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीकापुर सहित अयोध्या के विभिन्न क्षेत्रों में तेज़ी से विकास कार्य हो रहे हैं। सक्रिय जनप्रतिनिधियों और डबल इंजन सरकार के कारण सड़क, बिजली, पानी, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है।
अयोध्या के विकास और राम मंदिर का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कभी विकास से वंचित रही अयोध्या आज देश-दुनिया में अपनी नई पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप अयोध्या सोलर सिटी के रूप में विकसित हो रही है। नए घाट, गुप्तार घाट, सूरजकुंड और भरतकुंड के सौंदर्यीकरण का भी उन्होंने उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने से अयोध्या की देश के प्रमुख शहरों से बेहतर हवाई संपर्क स्थापित हुआ है। सड़क, रेल और हवाई संपर्क में हुए विस्तार से आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिल रहा है।
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, जबकि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में राम मंदिर का निर्माण पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या आने वाला हर श्रद्धालु यहां के विकास और व्यवस्थाओं से प्रभावित होकर लौटता है।
उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में विकास और विरासत का संतुलित समन्वय किया गया है तथा रामपथ, भक्ति पथ, धर्मपथ और जन्मभूमि पथ जैसी परियोजनाएं शहर की नई पहचान बन चुकी हैं।
कार्यक्रम में महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, पूर्व विधायक शोभा सिंह चौहान सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
