32 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाबा हरिहर नाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

सारण। सोनपुर में बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ऐतिहासिक बाबा हरिहर नाथ मंदिर पहुँचकर भगवान शिव और विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सारण जिले के सोनपुर में अपने पहले दौरे पर यहां पहुंचे सम्राट चौधरी ने सपरिवार बाबा का दूध एवं जल से अभिषेक किया और राज्य की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।

मंदिर परिसर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात एनडीए के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखा गया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

प्रमंडलीय आयुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी और एसएसपी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। मंदिर के चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने मंदिर परिसर के आसपास की प्रसाद दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करा दिया था, ताकि सुरक्षा घेरा अभेद्य बना रहे।

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर खासा उत्साह रहा। मुख्यमंत्री की एक झलक पाने के लिए एनडीए कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

 

Related Articles

नवीनतम लेख