30.6 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

खड़ी ट्रकों में घुसी कार, पिता और पुत्रवधू की मौत; पति सुरक्षित

मीरजापुर। कछवां थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटका गोदाम (पड़ाव) के पास सड़क किनारे अवैध रूप से खड़ी ट्रकों की कतार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। शुक्रवार देर शाम वाराणसी से इलाज कराकर लौट रहे एक परिवार की कार पीछे से खड़ी ट्रक में जा घुसी। इस भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय प्रगति खंडेलवाल और उनके 63 वर्षीय ससुर प्रभात अग्रवाल की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार चला रहे शिवम अग्रवाल इस दुर्घटना में मामूली रूप से घायल हुए हैं।

वाराणसी से इलाज कराकर लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतापगढ़ के चिलबिला निवासी शिवम अग्रवाल अपनी पत्नी प्रगति खंडेलवाल और कैंसर पीड़ित पिता प्रभात अग्रवाल का वाराणसी में उपचार कराने के बाद वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्विफ्ट कार कटका गोदाम के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़ी ट्रकों की लंबी कतार में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और प्रगति खंडेलवाल की मौके पर ही मौत हो गई।

इलाज के लिए ले जाते समय ससुर ने भी तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही औराई थाना प्रभारी राजेश कुमार और कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल प्रभात अग्रवाल को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना होते ही सड़क किनारे खड़े ट्रकों के चालक अपने-अपने वाहन लेकर मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि इसी जगह पर करीब छह महीने पहले भी एक ऐसा ही हादसा हुआ था, जिसमें पिता-पुत्र समेत चार लोगों की जान गई थी। इसके बावजूद राजमार्ग पर ट्रकों की अवैध पार्किंग पर कोई प्रभावी रोक नहीं लगाई जा सकी है, जिससे लगातार मासूम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख