30.6 C
Kolkata
Saturday, July 25, 2026

भारी बारिश में नाले में गिरी कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

खेड़ा। गुजरात के खेड़ा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया। खेड़ा–मातर मार्ग पर मोतीपुरा गांव के पास अहमदाबाद के एक ही परिवार की कार पानी से भरे नाले में गिर गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तेज बहाव में बह गई कार

जानकारी के अनुसार कार में कुल छह लोग सवार थे। मोतीपुरा गांव के पास भारी बारिश के कारण पानी से भरे नाले से गुजरते समय कार अनियंत्रित होकर उसमें गिर गई। तेज बहाव के चलते कार पलट गई और बहने लगी, जिससे उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल ने कार से दो लोगों को जीवित बाहर निकाला। दोनों घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से खेड़ा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

चार लोगों की मौत, जांच शुरू

बचाव अभियान के दौरान कार में फंसे अन्य लोगों की तलाश की गई। काफी प्रयास के बाद चार शव बरामद किए गए। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मृतक अहमदाबाद के एक ही परिवार के सदस्य थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश, सड़क पर जलभराव और कम दृश्यता को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन मृतकों के परिजनों को सूचना देने के साथ हादसे के वास्तविक कारणों की भी जांच कर रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख