34 C
Kolkata
Sunday, May 31, 2026

उलीडीह में युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

पूर्वी सिंहभूम । जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों में पड़े शव की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है।

मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर किसी धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि विकास सिंह की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को झाड़ियों में लाकर फेंक दिया गया।

परिजनों के अनुसार, विकास शनिवार देर रात अपने भगिने से मिलने उलीडीह क्षेत्र गया था। मुलाकात के बाद वह घर लौटने के लिए निकला, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार के सदस्य पूरी रात उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

रविवार सुबह उलीडीह क्षेत्र की एक युवती ने परिजनों को फोन कर आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान विकास सिंह के रूप में की। शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला है, वहां शाम और रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। वहीं, परिजनों का कहना है कि विकास का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था, इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि वह अपराधियों के निशाने पर कैसे आ गया।

उलीडीह थाना प्रभारी एमडी शौकत अली ने बताया कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। पुलिस जल्द ही घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख