34 C
Kolkata
Sunday, May 31, 2026

दिल दहला देने वाली घटना : पिता ने छह वर्षीय पुत्री की पीट-पीटकर की हत्या

चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर ओपी के खेड़ियाटांगर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शनिवार रात एक पिता ने कथित तौर पर अपनी छह वर्षीय पुत्री की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपित लालसिंह पूर्ति ने अपनी पुत्री सोनिया पूर्ति पर अचानक डंडे से हमला कर दिया। उस समय बच्ची घर में सो रही थी। हमले में गंभीर रूप से घायल सोनिया को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेटी पर हमला करने के बाद लालसिंह ने अपनी पत्नी पर भी हमला किया और आसपास मौजूद लोगों को मारने की कोशिश करने लगा। उसकी हरकतों से परिवार और गांव के लोग भयभीत हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर उसे काबू किया और पेड़ से बांध दिया।

टांगर पोखरिया के मुखिया मंगल सिंह पूर्ति ने बताया कि लालसिंह पूर्ति पिछले तीन-चार दिनों से बीमार था और उसका व्यवहार भी सामान्य नहीं लग रहा था। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह असामान्य हरकतें कर रहा था और लोगों को दौड़ाकर मारने का प्रयास कर रहा था।

मृत बच्ची की मां ने बताया कि लालसिंह पिछले कुछ दिनों से ठीक से खाना-पीना नहीं कर रहा था। उसे बुखार था और वह नियमित रूप से दवा भी नहीं ले रहा था। घटना से पहले वह अपने आप से बातें कर रहा था और उसका व्यवहार असामान्य दिखाई दे रहा था। खाना खाने के बाद उसने उल्टी भी की थी। इसके कुछ समय बाद उसने अचानक डंडा उठाकर बेटी पर हमला कर दिया और परिवार के अन्य सदस्यों को भी निशाना बनाने की कोशिश की।

परिजनों के अनुसार, लालसिंह पूर्ति के पांच बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और चार बेटियां शामिल हैं। सोनिया पूर्ति परिवार की सबसे छोटी संतान थी।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख